Rampur News: आज थम जाएगा स्वार विधानसभा उपचुनाव का प्रचार
रामपुर। स्वार विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार सोमवार की शाम थम जाएगा। उपचुनाव में अपना दल (एस) की ओर शफीक अहमद अंसारी, सपा से अनुराधा चौहान और पीस पार्टी से डॉ. नाजिया सिद्दीकी सहित तीन अन्य निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान 10 मई को होगा और चुनाव परिणाम 13 मई को घोषित किया जाएगा।
2022 के विधानसभा चुनाव में स्वार विधानसभा सीट से अब्दुल्ला आजम ने जीत हासिल की थी। 13 फरवरी को 2023 को मुरादाबाद की अदालत ने अब्दुल्ला को 15 साल पुराने छजलैट प्रकरण के मुकदमे में दो साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधायकी खारिज कर दी थी। चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा के चुनाव के साथ ही इस सीट पर उपचुनाव कराने का एलान किया था। उपचुनाव के लिए अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी की गई थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तिथि 20 अप्रैल थी। उपचुनाव के लिए कुल नौ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। 21 अप्रैल को नामांकन पत्रों की हुई जांच में तीन निर्दलीय प्रत्याशियों का पर्चा खारिज कर दिया गया। नाम वापसी की आखिरी तिथि 24 अप्रैल थी। नाम वापसी की तिथि के बाद उपचुनाव के लिए छह प्रत्याशी मैदान में बचे।
निकाय चुनाव की वजह से स्वार विधानसभा सीट पर प्रचार बहुत जोर नहीं पकड़ पाया। क्योंकि दो मई तक तो निकाय चुनाव को लेकर प्रचार हुआ। चार मई को निकाय चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद विधानसभा के चुनाव ने कुछ तेजी पकड़ी। एक वजह यह भी रही है कि स्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच निकाय आते हैं। उपचुनाव की सबसे अहम बात यह रही कि कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरे। भाजपा ने यह सीट अपना दल (एस) के लिए छोड़ दी। अपना दल (एस) की ओर से भी टिकट के कई दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने शफीक अहमद अंसारी को उम्मीदवार बनाया। वहीं सपा ने अनुराधा चौहान को चुनावी मैदान में उतार दिया।
0


