Rampur News: पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने में शिक्षक बर्खास्त
रामपुर। पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने के आरोप में निलंबित हुए बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक को बृहस्पतिवार को बर्खास्त कर दिया गया। निलंबन अवधि में शिक्षक को दूसरे स्कूल से अटैच किया गया था, लेकिन वे स्कूल न जाकर चिकित्सा व्यवसाय करने लगे थे।
शाहबाद ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय खरसौल में मिर्जा राहत बेग सहायक अध्यापक के रूप में तैनात थे। 21 अक्तूबर 2022 को उनको निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप था कि उन्होंने पत्नी के जीवित रहते उनको तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली। निलंबन अवधि के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग ने उनको उच्च प्राथमिक विद्यालय लटूरा में संबद्ध कर दिया था। आरोपों की जांच की गई, जिसमें उनकी दूसरी शादी के आरोप सही पाए गए। इस दौरान शिक्षक मिर्जा राहत बेग स्कूल न पहुंच कर शाहबाद में ही चिकित्सा व्यवसाय करने लगे। जिसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को प्राप्त हुई थी।
अंततः विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को शिक्षक को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करते हुए बर्खास्त कर दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान में शिक्षक के खिलाफ जांच हुई थी। उन पर पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने के आरोप सही पाए गए थे, जोकि बेसिक शिक्षा विभाग की नियमावली के खिलाफ है। इसलिए उनको बर्खास्त कर दिया गया है।