Rampur News: श्मशान घाट के रास्ते को कब्जामुक्त कराने को सौंपा ज्ञापन, तहसीलदार ने गठित की टीम
रामपुर। मिलक क्षेत्र के गांव लाड़पुर में श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर लिया है। रविवार को इसके विरोध में ग्रामीणों ने अर्थी रखकर प्रदर्शन किया था। सोमवार को ग्रामीणों ने इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन देकर रास्ते से कब्जा हटवाने की मांग की। तहसीलदार ने कहा कि टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही मार्ग को कब्जामुक्त करा दिया जाएगा। रविवार को गांव निवासी रामप्यारी (55) का निधन होने पर ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट जा रहे थे। श्मशान घाट के रास्ते पर कब्जा होने के चलते ग्रामीण खेतों से होकर जा रहे थे। जिस पर खेत स्वामियों ने उन्हें खेत से नहीं निकलने दिया। गुस्साए लोगों ने अर्थी सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर तहसीलदार व लेखपाल पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दो दिन में रास्ते को कब्जामुक्त कराने का आश्वासन देकर अर्थी को एक खेत से निकलवा कर अंतिम संस्कार कराया था।
सोमवार को ग्रामीणों ने तहसीलदार राकेश चंद्रा को ज्ञापन देकर कहा कि जल्द से जल्द श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते को कब्जामुक्त कराया जाए, नहीं तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में धर्मवीर, छत्रपाल, हेमराज, उमेश, पप्पू, पातीराम, बांदूराम, मुकेश बाबू, भगवानदास, रोहिताश, प्रमोद आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।
श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते को कब्जामुक्त कराने के लिए राजस्व टीम का गठन कर दिया गया है। सोमवार को बारिश की वजह से टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। एक-दो दिन में रास्ते को कब्जामुक्त करा दिया जाएगा।
राकेश चंद्रा, तहसीलदार, मिलक।