Rampur News: फेरों के समय दूल्हा-दुल्हन में हुआ विवाद, शादी टूटी
पटवाई। क्षेत्र के एक गांव में आंवला क्षेत्र से बारात आई हुई थी। सुबह चार बजे करीब किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिस कारण दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की पक्ष ने बारात की बस को बंधक बनाकर शादी में दिया सभी दहेज का सामान और नकदी पैसे वापस लाने को कहा। मामले की जानकारी जैसे ही पटवाई पुलिस को मिली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मामला पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां बृहस्पतिवार की शाम आंवला क्षेत्र से एक बारात आई हुई थी सभी काम अच्छे से हो रहे थे कि सुबह में करीब चार बजे फेरों के समय पर विवाद हो गया। जिस कारण शादी टूट गई। लड़की पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूल्हा शराब के नशे में था और नशे में बुलेट गाड़ी की मांग कर रहा था। जबकि शगुन में दिए गए पैसों को भी फेंक रहा था। सभी ने काफी ज्यादा समझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा शराब में धुत था और किसी की बात नहीं मान रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने बरात की बस को रोक लिया और लगन में दिया दहेज वापस लाने को कहा। लड़की पक्ष ने बताया कि दहेज में दो लाख नकदी और एक स्प्लेंडर गाड़ी दी थी। इसके अलावा दहेज का सामान दिया था। वह सारा दहेज लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष से वापस लाने को कहा। मामले की जानकारी किसी ने पटवाई पुलिस को दे दी। पटवाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले आई। काफी कोशिश के बाद सामाजिक लोगों द्वारा दोनों पक्षों में समझौता कराया गया। जिसमें लड़का पक्ष पूरा दहेज वापस करने को तैयार हो गया। लड़की पक्ष ने दूल्हे पक्ष से लिया समान वापस करने को कहा।