Rampur News: लिव इन रिलेशनशिप में युवक के साथ रह रही युवती ने युवक पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
मसवासी। प्रेमी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने और विदेश भागने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। युवती ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के एक नगर निवासी युवती ने मसवासी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वह चौकी क्षेत्र के घोसीपुरा गांव निवासी युवक के साथ काफी समय से लिव इन रिलेशनशिप में रही है। बताया कि युवक ने भी काफी समय से संबंध बनाकर उसे शादी करने का झांसा दे रखा है लेकिन वह अब बिना शादी के ही विदेश भागने की फिराक में लगा हुआ है। वह शादी के नाम पर इधर-इधर की बातें कर रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि वह शादी करने का इच्छुक नहीं है।
पुलिस ने युवती की शिकायत का संज्ञान लेते हुए युवक को अपनी हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। युवती का आरोप है कि युवक नशे के धंधे में भी लिप्त है। उधर पुलिस के सामने ही युवक युवती के जानने के बारे में अनभिज्ञता जताता रहा। समाचार भेजे जाने तक मामले में कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। चौकी प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद ही समुचित कार्रवाई की जाएगी।