रामपुर। भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के किसानों ने पंचायत की। जिसमें किसानों की कर्जमाफी की मांग के साथ विभिन्न मुद्दे उठे। इसके बाद किसान नेताओं ने सीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
सुबह करीब 11 बजे आंबेडकर पार्क में इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं के बीच मंडल कोषाध्यक्ष सैय्यद जमाल आरिफ की अध्यक्षता में प्रमुख राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मो. हनीफ वारसी ने कहा कि सन 2014 में प्रधानमंत्री ने एलान किया था कि सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ करेंगे। प्रधानमंत्री को यह वादा निभाना चाहिए। कहा कि किसान की हालत काफी चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रों पर किसानों को 80 प्रतिशत की छूट दी जाए। कृषि में इस्तेमाल होने वाली सभी वस्तुओं को छूट में शामिल रखा जाए। कहा कि महंगाई चरम पर है, लेकिन किसान की फसल खरीद में भारी धांधली होती है। एमएसपी का लाभ सीधे किसानों को नहीं मिल पा रहा है। किसान दुर्घटना बीमा का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। नलकूप कनेक्शन भी नहीं दिए जा रहे हैं।
इसके बाद किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त हेम सिंह को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में शकील खां, महबूब अली, पाशा, हड़ताल सिंह यादव, मुकेश कुमार, सोमपाल सिंह, मोरिया गुलरेज मियां, इसरार अली, दयाशंकर, हरजिंदर सिंह, जगतार सिंह, सुखचैन सिंह, महेंद्र सागर, महावीर सागर, हरवीर सिंह, मुकेश पांडेय, रईस अहमद आदि मौजूद रहे।