Rampur News: सत्यापन रिपोर्ट के इंतजार में कार्यमुक्त नहीं हो पाए शिक्षक
रामपुर। बीएसए दफ्तर पर सोमवार को शिक्षकों की भीड़ रही। अंतरजनपदीय तबादला पाने वाले शिक्षक कार्यमुक्त होकर अपने जनपदों में जाने के लिए सुबह से ही यहां पर जमा थे। निर्धारित समय में हर किसी को अपने पसंदीदा जनपद में पहुंचने की जल्दी थी। मेडिकल सत्यापन रिपोर्ट के इंतजार में शिक्षक परेशान हुए।
बेसिक शिक्षा विभाग ने बीते दिनों अंतरजनपदीय तबादला करते हुए सूची जारी की थी। इसमें से 197 शिक्षकों का रामपुर से अन्य जनपदों में तबादला हुआ था। रविवार को इनमें से 69000 भर्ती में शामिल 104 शिक्षकों के हाथों निराशा लगी। इनके तबादले पर शासन ने रोक लगा दी। अब इन्हें अपने मूल विद्यालय में ही बच्चों को पढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
शेष 73 शिक्षकों का यहां से तबादला होना है। इनमें से बिना भारांक वाले 26 शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जा चुका है। शेष को कार्यमुक्त किया जा रहा है। 24 शिक्षकों ने तबादले के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र लगाया था। जिनका सत्यापन बीते रविवार को कमेटी की ओर से किया गया था। सोमवार को ये शिक्षक सत्यापन रिपोर्ट के इंतजार में बीएसए दफ्तर में भटकते नजर आए। शाम तक सीएमओ ऑफिस से इनकी रिपोर्ट नहीं आई थी। खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय मजहरूल इस्लाम ने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर गैर जनपद से यहां आने वाले शिक्षकों ने बीएसए दफ्तर पहुंचकर ज्वाइनिंग कराई। वरिष्ठ सहायक नवीन विष्ट ने बताया कि गैर जनपद ये यहां पर 98 शिक्षक ज्वाइनिंग ले चुके हैं।