Rampur News: गले में खरास व दर्द की भी समस्या बढ़ी, अस्पताल में उमड़ी भीड़
रामपुर। मौसम में बदलाव की वजह से वायरल बुखार ने लोगों को जकड़ना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल की ओपीडी में हर रोज 150 से 200 मरीज बुखार पीड़ित पहुंच रहे हैं। इनकी जांच कराने पर टायफाइड की पुष्टि हो रही है। डॉक्टर मरीजों को जांच व उपचार के साथ-साथ बचाव के लिए परामर्श दे रहे हैं।
बारिश और गर्मी के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इस वजह से मौसमी बीमारियां बढ़ने लगी हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 160 मरीज बुखार से पीड़ित पहुंचे। नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ के पास 40 लोगों ने खुद को दिखाया। इन मरीजों में गले में खरास व दर्द की समस्या मिली। इसके अलावा आई फ्लू से परेशान 30 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टरों ने इनको देखकर परामर्श दिया। जनरल फिजीशियन डॉ. डीके वर्मा के अनुसार इन दिनों तापमान 35 सेल्सियस के आसपास है। इस मौसम में कभी बारिश होती है तो ठंडक हो जाती है। धूप निकलने से एकाएक गर्मी बढ़ जाती है। इसके अलावा गलत खानपान भी लोगों के बीमार होने की मुख्य वजह है।
बचाव के लिए यह करें
-ठंडा पानी न पीयें, मटके का पानी पी सकते हैं।
-बाजार की चीजों को न खाएं, तला-भुना खाने से परहेज करें।
-रात में मच्छरदानी में सोएं। ओस से बचाव करें।
-बुखार होने पर खुद से दवा न लें, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।