Rampur News: ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, पिता की मौत, पुत्र घायल
रामपुर। बेटे के साथ दवाई लेकर बाइक से घर जा रहे नत्थूलाल (60) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वहीं हादसे में संतोष घायल हो गया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पीछाकर पकड़ लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। मिलक के तुमड़िया गांव निवासी किसान नत्थूलाल का इलाज चल रहा है। वह नगर में रहने वाले अपने बड़े बेटे छत्रपाल के घर रहकर इलाज करा रहे थे। बुधवार को दवाई लेकर सुबह नौ बजे वह छोटे पुत्र संतोष के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। रठौंड़ा चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक पर पीछे बैठे नत्थूलाल सड़क पर जा गिरे और ट्रक के पहिये के नीचे आकर उनकी मौत हो गई, जबकि संतोष घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रक के साथ भाग रहे चालक को राहगीरों ने पीछाकर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।