Rampur News: दो भाइयों ने की सफाई कर्मी की पीट-पीटकर हत्या
रामपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव चकफेरी में मंगलवार रात दो भाइयों ने सफाई कर्मी इंद्रपाल वाल्मीकि (43) की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इंद्रपाल ने पिता की पिटाई कर रहे दोनों भाइयों को टोक दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी डॉ. संसार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।ग्राम चकफेरी निवासी चौकीदार रामलाल का भांजा इंद्रपाल उन्हीं के साथ रहता था। इंद्रपाल ग्राम पंचायत मनुनगर के गांव चंदेला में सफाई कर्मचारी के पद पर काम कर रहा था। चौकीदार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे गांव निवासी जवाहर राजभर अपने घर में हुए विवाद की वजह से उनके घर के बाहर चारपाई पर लेटा हुआ था। इस दौरान जवाहर के दो पुत्र राजन व राजू आ गए और अपने पिता जवाहर के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे।
इस दौरान उनके भांजे इंद्रपाल ने विरोध करते हुए दोनों भाइयों से कहा कि वह अपने पिता को घर ले जाएं। इसी बात से नाराज होकर दोनों भाइयों ने लाठी डंडों से प्रहार कर इंद्रपाल को पीट-पीटकर मार डाला। चौकीदार व उनके परिजनाें ने जब विरोध करना शुरू किया दोनों आरोपी भाई पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर रात में ही कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई बब्लू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की सुबह अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संसार सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।
साहब मुझे इंसाफ चाहिए
सफाई कर्मचारी इंद्रपाल की पत्नी नथिया देवी बुधवार की दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ. संसार सिंह के सामने हाथ जोड़ते हुए बोलीं, साहब मुझे इंसाफ चाहिए। मेरे बेगुनाह पति को दोनों आरोपियों ने सरेआम मार डाला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों के इशारे पर उनके पति की हत्या की है।
पुलिस सजग होती तो नहीं होती इंद्रपाल की हत्या
जवाहर को उसके दोनों पुत्र राजू व राजन कई दिनों से परेशान कर रहे थे। जिसकी वजह से वह परेशान होकर उनके घर के बाहर रोड किनारे चारपाई पर आकर मंगलवार की रात लेट गया था। जवाहर ने अपने दोनों पुत्रों के खिलाफ कई दिन पहले थाना पुलिस को तहरीर देकर सूचना भी दी थी। मगर पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। उनका आरोप है कि अगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लेती तो इंद्रपाल की हत्या नहीं होती।
विदेश से लाए पैसों को लेकर था विवाद
चौकीदार रामलाल के अनुसार ग्राम निवासी जवाहर कनाडा में काम कर रहे था। वह करीब एक माह पूर्व विदेश से लौटे थे। तभी से उनके बेटे रुपये मांग रहे थे। मंगलवार की रात भी दोनों भाई राजन व राजू उनके भांजे इंद्रपाल की हत्या से पूर्व अपने पिता से लड़ाई झगड़ा करते हुए पैसा देने की मांग कर रहे थे।