Rampur News: कोहरे में हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ीं दो कार, पांच लोग घायल
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित रुद्र-बिलास चीनी मिल के समीप हाईवे के कट पर कोहरा होने व रिफ्लेक्टर न होने की वजह से रविवार रात अनियंत्रित दो कार अचानक डिवाइडर पर चढ़ गईं। कार सवार पांच लोग चोटिल हो गए। बाद में सभी को निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।रविवार की रात करीब 7:30 बजे दो कार दिल्ली से रुद्रपुर की ओर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नैनीताल हाईवे पर कोहरे के बीच रुद्र-बिलास चीनी मिल के गेट के सामने बने कट पर रिफ्लेक्टर न होने की वजह से अचानक कार चालक सामने डिवाइडर आने की वजह से अपने वाहनों पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित दोनों कार डिवाइडर पर चढ़ गईं।
लोगों का कहना था कि गनीमत रही की दोनों कारों की स्पीड ज्यादा तेज नहीं थी, अन्यथा दोनों कार हाईवे पर पलट भी सकती थी और घटना गंभीर हो जाती। इस दौरान दोनों कार सवार पांच लोग मामूली तौर पर चोटिल हो गए। सभी लोग दिल्ली से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। कार सवारों की चीख पुकार सुनकर मौके पर तमाम लोग की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने कार सवार लोगों को बाहर निकाला और एक निजी चिकित्सक से उपचार कराकर उन्हें गंतव्य को भेज दिया। लोगों का कहना है कि एनएचएआई ने चीनी मिल के सामने हाईवे के कट पर रिफ्लेक्टर नहीं लगाए हैं।