रामपुर

Rampur News: चार घंटे की ओपीडी से दो घंटे तक गायब रहे दो डॉक्टर

Connect News 24

रामपुर। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी दो घंटे तक एक ही डॉक्टर के सहारे रही। चार घंटे चलने वाली ओपीडी में तीन डॉक्टरों की ड्यूटी लगी थी, जिसमें दो डॉक्टर दो घंटे तक गायब रहे। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ा। ओपीडी का समय सुबह 10 से दो बजे तक का है। दोपहर में 12 बजे तक नाक, कान, गला विशेषज्ञ, डेंटल और जनरल फिजीशियन के कमरे पर ताले लटके हुए थे। हालांकि 12 बजे के बाद अन्य डॉक्टरों ने अपने कमरों में पहुंचकर मरीजों को देखा।

बकरीद के त्योहार पर बृहस्पतिवार को अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बंद रही थीं। शुक्रवार को नियमित रूप से ओपीडी में सुबह आठ बजे से पर्चे बनने शुरू हुए। हालांकि, बीते दिनों की अपेक्षा इस दिन भीड़ कम रही। कुल 532 पर्चे बने। पर्चा बनवाने के बाद मरीज डॉक्टर को दिखाने के लिए पहुंचे तो उनको परेशान होना पड़ा। डॉक्टरों को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मरीजों को देखना होता है।

ओपीडी में दोपहर 12 बजे तक कमरा नंबर चार, सात, 10, 21, 25 पर ताले पड़े थे। केवल जनरल फिजीशियन डॉ. संजय अग्रवाल मरीजों को देख रहे थे। उस समय उनके पास 44 मरीज बुखार से पीड़ित पहुंच चुके थे। हालांकि, 12 बजे के बाद ड्यूटी पर तैनात अन्य दो डॉक्टर भी अपने कमरों में पहुंच गए और मरीजों को देखना शुरू किया। इससे भीड़ का दबाव कम हुआ।

डॉक्टरों की कमी नहीं हो रही पूरी

लोगाें की सेहत संवारने वाला स्वास्थ्य विभाग डॉक्टरों की कमी से हांफ रहा है। जिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी पर डॉक्टरों की कमी लंबे समय से बनी है। जिला अस्पताल में ही बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, फिजीशियन के पद खाली पड़े हुए हैं। हाल में स्वास्थ्य विभाग में अधिकारियों और डॉक्टरों के बड़े पैमाने पर तबादले हुए हैं, लेकिन जिला अस्पताल को कोई भी विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिला। इससे अस्पताल प्रशासन भी चिंता में है। बारहाल, इस संबंध में पत्राचार के दावे किए जा रहे हैं।

क्या बोले मरीज

ग्राम मधुपुरी निवासी सतपाल ने कहा कि 20 किलोमीटर दूर से अस्पताल में पीलिया की दवा लेने के लिए आया हूं। 12 बज गया है, अभी तक डॉक्टर नहीं बैठे। दवा नहीं मिली तो वापस घर को लौटना पड़ेगा। ग्राम समोदिया निवासी मोनू ने बताया कि अस्पताल में पैथोलॉजी लैब में खून की जांच कराई है। दो दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं मिली है। लैब कर्मियों का कहना है कि शनिवार को रिपोर्ट लेने आना। अस्पताल में इलाज से लेकर जांच रिपोर्ट पाने में भी मुश्किल है।

कुछ डॉक्टर अवकाश पर हैं। इसलिए मरीजों को दिक्कत हुई होगी। शुक्रवार को ओपीडी में तीन डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई थी। वह समय पर नहीं बैठे हैं तो इसको दिखवाया जाएगा। डॉक्टरों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

– डॉ. एचके मित्रा, सीएमएस, जिला अस्पताल रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button