Budaun News: बड़ी वारदात का हिस्सा न देने पर सरपरस्त ने ही पकड़वाया गिरोह
– तेलंगाना और कर्नाटक में बैंक में की गई थी बड़ी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। तेलंगाना और कर्नाटक में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को दबोचने में अलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को उसके सरपरस्त से ही टिप मिली जिसे चोरों ने बीते दिनों अंजाम की बड़ी वारदात में से हिस्सा देने में आनाकानी की थी।
तेलंगाना और कर्नाटक की बैंक के लॉकर काटकर की गई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह तेलंगाना और कर्नाटक पुलिस को सिरदर्द बना हुआ था। बीते दिनों तेलंगाना पुलिस चोरों की तलाश करते हुए ककराला आई और शहर के बिरुआवाड़ी मंदिर के पास मैरिज हॉल में रुकी रही। उन दिनों बाहर की पुलिस चोरों तक पहुंचती इससे पहले ही चोरों का सरपरस्त स्थानीय पुलिस से सांठगांठ कर चुका था। इसके चलते तेलंगाना पुलिस जब भी ककराला में दबिश देने पहुंचती कि उससे पहले ही कुछ पुलिसकर्मी गिरोह के सरपरस्त को सूचना दे देते थे। इस वजह से पुलिस को कामयाबी नहीं मिल रही थी।
बीते दिनों तेलंगाना और महाराष्ट्र में घटनाओं को अंजाम देने वाले ककराला के रहने वाले नईम उर्फ गोरा, गुड्डू कालिया,यूसुफ खान बीते चार दिन पहले ही यहां आए थे। चोरों का सरपरस्त उनसे हिस्सेदारी मांग रहा था। मगर, इस बात पर दोनों के बीच अनबन हुई तो उसने एक मकान में चोरी की रकम का बंटवारा करते हुए उनको पकड़वा दिया। इस संबंध में एसएचओ अलापुर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि चोरों की काफी समय से तलाश की जा रही थी। एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने उनको गिरफ्तार किया है।