रामपुर

Rampur News: दढ़ियाल में छापा मारकर दो अवैध अस्पताल किए सील

Connect News 24

रामपुर। बुधवार को टांडा एसडीएम अरुण कुमार और सीएचसी प्रभारी डॉ. सत्यपाल सिंह की टीम ने दढ़ियाल में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ छापामार अभियान चलाया। इस दौरान टीम दो अस्पताल सील कर दिए जबकि तीसरे अस्पताल को नोटिस देकर तीन दिन के अंदर जरूरी कागजात उपलब्ध कराने की हिदायत देकर छोड़ दिया। छापामार कार्रवाई से नगर के निजी चिकित्सक और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा।एसडीएम अरुण कुमार और चिकित्सा अधीक्षक सत्यपाल सिंह की टीम ने बुधवार की शाम को सबसे पहले काशीपुर मार्ग के किनारे नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित बच्चों के अस्पताल पर छापा मारा। टीम को देखकर अस्पताल में भर्ती बच्चों को परिजन लेकर भाग गए। टीम ने अस्पताल संचालक से आवश्यक कागज मांगे, लेकिन दिखा नहीं सके। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।

इसके बाद टीम ने काशीपुर मार्ग पर तिराहे के पास स्थित एएसएम अस्पताल पर छापामार कार्रवाई की। यहां टीम को दो महिलाएं भर्ती मिली जिनका अपंजीकृत चिकित्सक के द्वारा इलाज किया जा रहा था। अस्पताल संचालक के कोई कागजात नहीं दिखाने पर टीम ने दोनों मरीजों को घर भेज दिया और अस्पताल को सील कर दिया। अंत में टीम ने मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर स्थित श्री साईं अस्पताल पर छापा मारा। यहां भी कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था, जबकि अस्पताल में दो महिलाएं भर्ती मिलीं जिनकी हाल फिलहाल अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। कागजात मांगने पर अस्पताल का पंजीकरण अप्रैल माह में समाप्त हो चुका था। हालांकि, संचालक ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया था। इसलिए उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।

अस्पताल में भर्ती महिलाओं को एंबुलेंस से सीएचसी टांडा शिफ्ट करा दिया। छापामार कार्रवाई के दौरान नगर के निजी चिकित्सकों और मेडिकल स्वामियों में हड़कंप मचा रहा। चिकित्सा प्रभारी का कहना है कि अवैध अस्पताल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button