Rampur News: अब्दुल्ला आजम के पक्ष में फोटो स्टूडियो के मालिक समेत दो ने कराए बयान दर्ज
रामपुर। पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में मंगलवार को एमपी एमएलए कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान अब्दुल्ला आजम के पक्ष में फोटो स्टूडियो समेत दो गवाहों ने अपने बयान दर्ज कराए। जन्म प्रमाणपत्र प्रकरण की सुनवाई के दौरान 29 साल पुराने एक कार्यक्रम की सीडी भी कोर्ट रूम में चलाई गई। मामले की अगली सुनवाई के लिए 25 मई निर्धारित की है।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में गंज थाने में अब्दुल्ला के दो-दो जन्म प्रमाणपत्र होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें आजम खां, डॉ. तंजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम आरोपी हैं। वर्तमान में तीनों जमानत पर चल रहे हैं। इस मामले की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट(मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। मंगलवार को मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान नटराज स्टूडियो के स्वामी तस्लीम खां और अब्दुल करीम ने अब्दुल्ला आजम के पक्ष में अपने बयान दर्ज कराए। इस दौरान कोर्ट रूम में 29 साल पुराने एक कार्यक्रम की सीडी भी चलाई गई। अभियोजन अमरनाथ तिवारी ने गवाह तस्लीम खां से सीडी को देखकर सवाल पूछे जिसका उत्तर तस्लीम खां ने दिया। सीडी चलाने के पीछे बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि यह सीडी दस दिसंबर 1994 की है। जिसमे आजम खां और अब्दुल्ला आजम सहित कई लोग मौजूद है। बचाव पक्ष ने अब्दुल्ला के बचाव में सीडी के जरिए साक्ष्य पेश किए। सुनवाई के दौरान आजम खां, उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम कोर्ट में मौजूद रहे। मामले की सुनवाई 25 मई को होगी।