Rampur News: स्कूल में हाजिरी लगाकर गायब हुईं दो शिक्षिकाएं निलंबित
रामपुर। उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर के बाद स्कूल से गायब मिलीं दो सहायक अध्यापिकोओं को बुधवार को बीएसए संजीव कुमार ने निलंबित कर दिया।
टांडा के एसडीएम अरुण कुमार ने कुछ दिन पहले प्राथमिक विद्यालय चंदूपुरा द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय मोहनपुरा का निरीक्षण कर स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इस दौरान इन दोनों स्कूलों में तैनात सहायक अध्यापिकाएं गैर हाजिर मिली थीं, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में इन दोनों के हस्ताक्षर थे। जिसकी जांच आख्या एसडीएम टांडा ने बीएसए को भेज दी थी। इसके बाद बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय चंदूपुरा द्वितीय में तैनात सहायक अध्यापिका कोमल चौधरी और प्राथमिक विद्यालय मोहनपुरा में तैनात सहायक अध्यापिका हिना परवीन को निलंबित कर दिया। बीएसए ने बताया कि निलंबन अवधि में दोनों सहायक अध्यापिकाएं बीआरसी स्वार से संबद्ध रहेंगी।


