Rampur News: ग्रामीणों ने तीन लोगों को वध के लिए पशु ले जाने का आरोप लगाकर घेरा, मारपीट
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के रसूला गांव में बुधवार की रात ग्रामीणों ने तीन लोगों को गोवंशीय पशु वध के लिए ले जाने का आरोप लगाते हुए घेर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने प्रहार करके एक ग्रामीण को घायल कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी लोग रात के अंधेरे में पशु को जंगल में ही छोड़कर भाग गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रसूला की है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की रात करीब नौ बजे किसी व्यक्ति ने गांव के लोगों को बताया कि तीन लोग एक गोवंशीय पशु को गांव से पकड़कर डंडिया जंगल की ओर वध करने के लिए लेकर जा रहे हैं। सूचना पर ग्रामीण एकत्र होकर डंडिया जंगल की ओर घेराबंदी करते हुए चलने लगे। आरोप है कि ग्रामीणों ने तीनों लोगों को गोवंशीय पशु समेत रास्ते में घेर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। मारपीट में ग्राम रसूला निवासी बिजली मैकेनिक टोनी घायल भी हो गए। बाद में ग्रामीणों का विरोध बढ़ता देख तीनों आरोपी रात के अंधेरे में भाग गए। जिनका ग्रामीणों ने पीछा भी किया मगर वह हत्थे नहीं आए।
इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस भी रात में ही मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में कई दिनों से गोवंशीय पशुओं की संख्या कम हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पशुओं को पकड़कर जंगल में ले जाकर वध कर रहे हैं। जिनकी उन्हें कई दिनों से तलाश थी। इसके बाद पुलिस ग्रामीणों को समझाकर वापस लौट आई। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। जबकि कोतवाली प्रभारी ने उक्त घटना के प्रति अनिभिज्ञता जताई है।


