Rampur News: मूर्ति खंडित करने के विरोध में ग्रामीणों का हंगामा
रामपुर। स्वार कोतवाली क्षेत्र के खरदिया गांव में मंगलवार की रात अज्ञात व्यक्ति ने देवी स्थान में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति खंडित कर दी। बुधवार सुबह पुजारी करन सिंह मंदिर पहुंचे तो जानकारी हुई। सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गई। कोतवाली क्षेत्र के खरदिया गांव स्थित देवी स्थान में मंगलवार रात नौ बजे पूजा-अर्चना कर कपाट बंद कर दिए गए थे। पुजारी समेत अन्य श्रद्धालुगण अपने घर चले गए। बुधवार की सुबह जब पुजारी करन सिंह मंदिर पहुंचे तो माता की मूर्ति खंडित मिली। पुजारी ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार को दी। सूचना मिलने पर प्रधान के साथ तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। लोग आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे।
प्रधान की सूचना पर कोतवाल कोमल सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। बाद में सीओ अनुज चौधरी और तहसीलदार आकाश संत भी आ गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है। आशंका है कि किसी नशेड़ी ने घटना को अंजाम दिया है।

