Rampur News: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, युवक की मौत, दो दोस्त घायल
रामपुर। भाईदूज से पहले मंगलवार रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कृष्णा (20) की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। हालांकि, कार चला रहे युवक को चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। भाईदूज से ठीक पहले भाई की मौत से कृष्णा की इकलौती बहन गीता बेसुध हो गई।अजीमनगर थाना क्षेत्र के मझरा खौद निवासी कृष्णा (22) अपने दोस्त राजीव, बंटी और सूरज के साथ मंगलवार की रात में बेनजीर गांव से वापस कार से घर आ रहे थे। कार आरुष चला रहा था। जब इनकी कार जौहर यूनिवर्सिटी के पास पैंगा गांव के पास पहुंची तो यह अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजीव और सूरज घायल हो गए। आरुष को चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर हालत गंभीर होने पर राजीव को मेरठ रेफर कर दिया गया। सूरज का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। कृष्णा दर्जी का काम करता था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और उसकी एक बहन भी है। भाईदूज से पहले भाई की मौत से बहन गीता बेसुध सी हो गई।

