Rampur News: करोड़ों के बापू मॉल की दीवारें दरकीं, खिड़कियों के शीशे टूटे
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 30 Nov 2023 01:18 AM IST
रामपुर। शहर के बीच करोड़ों की लागत से बना बापू मॉल अपनी बदहाली के आंसू बहा रहा है। देखभाल के अभाव में यह अब जर्जर हो रहा है। दीवारों में दरारें पड़ गईं हैं। कई जगह के खिड़कियों के शीशे टूटे पड़े हैं। जबकि चंद दुकानें यहां पर चल रही हैं। वह भी दिन भर चलने के बाद रात को बिजली कनेक्शन नहीं होने से शाम को बंद कर दी जाती हैं। सरकारी पानी के भी मॉल में कोई इंतजाम नहीं हैं। अब यह बापू मॉल उपेक्षित पड़ा हुआ है।
समाजवादी पार्टी की सरकार में तोपखाना रोड पर बापू मॉल तैयार किया गया था। नगर विकास विभाग की सवेरा योजना के माध्यम से करीब 24.96 करोड़ रुपये की लागत से इस माल का निर्माण कराया गया था। इस मॉल में करीब साढ़े तीन सौ से ज्यादा दुकानें हैं। बापू मॉल को सीएनडीएस कंपनी के माध्यम से पालिका के हैंडओवर किया जा चुका है।
पालिका के हैंडओवर होने के बाद इन दुकानों को नहीं खोला जा सका। बापू मॉल की एक बड़ी किश्त सरकार को आज भी नगर पालिका भेज रहा है। इस समय इस मॉल में सौ दुकानें चल रही हैं। इन दुकानों में भी बिजली कनेक्शन अभी नहीं हो सका है। यहां पर अभी तक बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है। जिस वजह से यहां पर बिजली भी नहीं आती। दिन के वक्त दुकानें खुलती हैं और रात होने से पहले ही यह दुकानें बंद कर दी जाती हैं। खास बात यह है कि नगर पालिका ने अब बापू मॉल की तरफ से पूरी तरह से मुंह मोड़ लिया है। जिससे बापू मॉल दिनोदिन जर्जर होता जा रहा है। मॉल की बिल्डिंग जिस आधार पर खड़ा है, उस पिलर जगह-जगह से चटक चुके हैं। कई जगह से पुताई पपड़ी बनकर छूटने लगी है और ईटें बाहर आने लगी हैं। समय-समय पर हुई बारिश की वजह से इसकी छतों पर काई जम चुकी है। जबकि इसकी खिड़कियों के शीशे भी जगह-जगह से टूट चुके हैं।