Bareilly News: बाइक से स्कूटी की टक्कर के बाद नशे में धुत युवकों ने सिपाही को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 30 Nov 2023 01:18 AM IST
बरेली। थाने से 50 मीटर दूर बाइक और स्कूटी में टक्कर के बाद स्कूटी सवार दो युवकों ने बाइक सवार सिपाही को पीटकर घायल कर दिया। दोनों युवक नशे की हालत में थे। सूचना पर पुलिस पहुंची, तब तक दोनों युवक वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
सीबीगंज थाने में तैनात सिपाही चेतन को पिछले दिनों एसएसपी ने लाइनहाजिर कर दिया था। सीबीगंज में तैनाती के दौरान सिपाही वहीं किराये पर कमरा लेकर रहता था। बुधवार रात 10 बजे चेतन बाइक से दवा लेने जा रहा था। थाने के निकट अंग्रेजी शराब की दुकान के पास सिपाही की बाइक और स्कूटी में टक्कर हो गई। इस पर सिपाही ने स्कूटी सवार दोनों युवकों से कहा कि देखकर चला करो। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। नशे में धुत दोनों युवकों ने सिपाही की पिटाई कर दी। इससे सिपाही लहूलुहान हो गया। सूचना पर इंस्पेक्टर सीबीगंज राधेश्याम टीम के साथ पहुंचे। इससे पहले दोनों हमलावर भाग चुके थे। सिपाही को पीटने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों ने पहचान लिया है।



