Rampur News: मोबाइल पर देख सकेंगे 12 प्रकार की बीमारियों की रिपोर्ट
रामपुर। संचारी रोग पर नियंत्रण और प्रभावी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष पहल की है। मरीज और तीमारदारों को अब 12 तरह की बीमारियों की रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए यूडीएसपी का सिटीजन पोर्टल तैयार हुआ है। मरीजों की ओर से जांच के लिए सैंपल देने के बाद रिपोर्ट को पोर्टल पर ऑनलाइन जारी किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस प्लेटफार्म (यूडीएसपी) कार्यक्रम के तहत इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलेंस प्रोग्राम (आईडीएसपी) के अंतर्गत आने वाले 12 रोगों पर नियंत्रण करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराया। इसमें बीते दिनों जिले की सीएचसी और पीएचसी पर तैनात 25 लैब टैैक्नीशियन को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब यह एलटी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्र पर ओपीडी व इमरजेंसी में होने वाली जांच के बाद आने वाली रिपोर्ट का विवरण यूडीएसपी के सिटीजन पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके बाद कोविड के पोर्टल की तरह इस पोर्टल पर भी जांच रिपोर्ट ऑनलाइन जारी हो जाएगी और मरीजों को आसानी से प्राप्त होगी। रिपोर्ट को ऑनलाइन किए जाने से मरीज को अपने रोग का सही व समय पर पता चलेगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को यह भी जानकारी हो सकेगी कि किस क्षेत्र में किस रोग अथवा बीमारी का असर अधिक है। जिससे बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाया जा सके।
इन बीमारियों की रिपोर्ट होगी ऑनलाइन
-मलेरिया
-फाइलेरिया
-कालाजार
-जापानी इंसेफेलाइटिस
-डेंगू
-चिकनगुनिया
-स्क्रप टाइफ्स
-लैक्टोस्पाइरेसिस
-हेपेटाइटिस- बी
-हेपेटाइटिस- सी
-मियादी बुखार
-कालरा
बयान
मच्छर जनित व संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए विशेष पहल हुई है। सीएचसी व पीएचसी पर तैनात 25 एलटी को प्रशिक्षित कर रिपोर्ट ऑनलाइन करने का तरीका बताया है। यह रिपोर्ट ऑनलाइन होने से संबंधित क्षेत्र में फैलने वाली बीमारी का आसानी से आंकलन हो सकेगा। – डॉ. ताहिर हाशमी, एपीडोमोलाॅजिस्ट


