Rampur News: जिला अस्पताल में पहुंचे बुखार के 250 से ज्यादा मरीज
रामपुर। बारिश के बाद निकली धूप की वजह से बुखार के रोगियों में हर रोज इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 250 से अधिक बुखार के रोगी पहुंचे। इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग व महिलाएं शामिल थे। वहीं 22 बुखार के रोगी अस्पताल में भर्ती है।
जिला अस्पताल में जनरल फिजीशियन डॉ. डीके वर्मा के अनुसार जुलाई महीने की शुरुआत में बारिश होने से तापमान में गिरावट रही। जिसके बाद इस सप्ताह अचानक से तेज धूप निकली है। ऐसे में तापमान में गर्म-नरम की स्थिति बनी है। इस वजह से बीमारियों का प्रसार तेजी से हुआ है। बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, डायरिया की शिकायत मरीजों में देखने को मिल रही है। उनके पास हर रोज 70 से 80 मरीज बुखार से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। मरीजों को उपचार के लिए इनके खून की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग बीमार होने पर लोग खुद से दवा न लें। अस्पताल पहुंचे और तुरंत डॉक्टर को दिखाकर दवा लें।
इन बातों का रखें ध्यान
– गर्मी अधिक है तो एसी चलाएं, मगर सामान्य तापमान पर एसी बंद रखें।
– फ्रिज का ठंडा पानी न पियें। घड़े का पानी फायदेमंद है।
– चाय, काॅफी न पियें, मौसमी फलों का जूस पिएं।
– बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।


