Shahjahanpur News: युवक की मौत, पत्नी ने दरोगा पर लगाया धमकाने का आरोप
भाई की सूचना पर पोस्टमार्टम को भेजा गया शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां (शाहजहांपुर)। मोहल्ला कसभरा मिशन निवासी 45 वर्षीय सरदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सरदार की पत्नी मंजू ने बरेली के थाना बिथरी चैनपुर के दरोगा पर पति को धमकाने और इसी कारण मौत होने का आरोप लगाया है।
रविवार शाम सात बजे सरदार की हालत अचानक बिगड़ गई। भाई भजन ने बताया कि बाद में सरदार की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। भजन ने भाई की मौत की सूचना पुलिस को दी, लेकिन कोई आरोप नहीं लगाया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
उधर देर शाम सरदार की पत्नी मंजू ने बताया कि उनका पुत्र बिथरी चैनपुर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता है। उनका पुत्र युवती को ले गया था। युवती के पिता के तहरीर देने पर युवती घर लौट आई थी। अब युवती फिर उनके पुत्र के साथ चली गई।
बिथरी चैनपुर का एक दरोगा उनके पति को धमका रहा था, इस कारण उनके पति बेहद परेशान थे। वह पुत्र की तलाश में हरिद्वार गई थी। जानकारी मिली कि पति की मौत हो गई है। इस पर वह वापस आ गई।
मंजू ने वीडियो पर अपनी बात कही हैं, लेकिन लिखित शिकायत नहीं की है। उनका कहना है कि वह कार्रवाई करेगी। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि सरदार के भाई ने अज्ञात कारणों से मौत की बात कहते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। जिसके आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक की पत्नी या अन्य कोई परिजन की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है और न ही कोई तहरीर दी गई है। अगर कोई आरोप लगा रहा है तो मामले की जांच की जाएगी।

