Rampur News: अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में गवाह ने दर्ज कराए बयान
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में बुधवार को एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान गवाह जुबेर अहमद ने अपने बयान दर्ज कराए। जिरह के लिए कोर्ट ने 28 जून की तारीख निर्धारित की है।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि अब्दुल्ला आजम ने अपने दो पैनकार्ड बनवाए हैं और उनका दुरुपयोग किया। इस मामले में सपा नेता आजम खां और अब्दुल्ला आजम को आराेपी बनाया गया है। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। अब्दुल्ला आजम और आजम खां जमानत पर चल रहे हैं। बुधवार को कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान गवाह जुबेर अहमद ने अपने बयान दर्ज कराए। उनकी मुख्य परीक्षा(क्रास एग्जामिनेशन) पूरी हो गई है। अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया कि कोर्ट ने गवाह जुबेर अहमद से जिरह के लिए 28 जून की तारीख निर्धारित की है।