Rampur News: अब्दुल्ला के दो पासपोर्ट के मामले में गवाह से फिर होगी जिरह
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में बृहस्पतिवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला के अधिवक्ताओं ने मुकदमे के विवेचक से जिरह कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने प्रार्थना पत्र मंजूर करते हुए एक दिसंबर की तारीख निश्चित की है।शहर विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले का मुकदमा सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराया था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बृहस्पतिवार को अब्दुल्ला आजम के अधिवक्ता की ओर से गवाह से पुन: जिरह के लिए प्रार्थना पत्र कोर्ट में दिया। इस पर कोर्ट ने सुनवाई की और प्रार्थनापत्र को मंजूर कर लिया। शहर विधायक के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला आजम हरदोई जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए। इस मामले में अब एक दिसबंर को सुनवाई होगी।