Rampur News: महिलाएं उठा रहीं परिवार नियोजन की जिम्मेदारी, पुरुष बेपरवाह
रामपुर। बढ़ती जनसंख्या पर अंकुश लगाने के लिए शासन की ओर से परिवार नियोजन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। महिलाएं इसको लेकर गंभीर हैं। इसकी जिम्मेदारी इन्हीं पर है। वहीं पुरुष बेपरवाह बने हुए हैं। नेशनल फेमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार परिवार नियोजन के साधन अपनाने में महिलाओं की सजगता लगातार बढ़ रही है। पुरुषों का आंकड़ा इनके मुकाबले काफी कम है। जिले में 62.5 प्रतिशत महिलाएं परिवार नियोजन के साधन अपनाने में जागरूकता दिखा रही हैं। वहीं 18.3 प्रतिशत पुरुष ही जागरूक हैं। इस बात का खुलासा नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे(पांच) की रिपोर्ट से हुआ है। जिले में जनसंख्या दर तेजी से बढ़ रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार परिवार नियोजन कार्यक्रम पर फोकस कर रही है। नसबंदी, कंडोम, गर्भ निरोधक इंजेक्शन मौजूद हैं। इनके अलावा भी कई साधनों को अपने पर जोर दिया जा रहा है। लोग जागरूक भी हो रहे हैं। परिवार नियोजन के साधन अपनाने के मामले में सर्वे रिपोर्ट के अनुसार पिछली बार के मुकाबले इसमें चार फीसदी की वृद्धि हुई है।
पांच साल में महिलाओं में नसबंदी के आंकड़े में एक फीसदी की गिरावट आई है। इस गिरावट की भरपाई महिलाओं ने अन्य साधनों से पूरी की है। नसबंदी में गिरावट के मुकाबले महिलाओं ने कई गुना आधुनिक साधन अपनाने शुरू कर दिए हैं। इस दौरान आधुनिक साधन अपनाने में 3.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं पांच साल में पुरुषों में कंडोम अपनाने में दो प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
14 पुरुषों ने ही कराई नसबंदी
परिवार नियोजन के साधन अपनाने के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे रही हैं। बीते एक साल में 14 पुरुषों ने ही नसबंदी कराई है। महिलाओं की संख्या इस अवधि में 163 है। आधुनिक साधन अपनाने वाली महिलाओं की संख्या इस समय 5221 है।
–
जिले में बढ़ती जनसंख्या पर अंकुश के लिए लगातार अभियान चल रहा है। जागरूकता कार्यक्रम भी हो रहे हैं।
डॉ. केके चहल, नोडल अधिकारी।


