Rampur News: दढि़याल नगर पंचायत के मतदान में महिलाओं ने मारी बाजी
दढि़याल। नगर पंचायत दढि़याल चुनाव के मतदान में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में ज्यादा उत्साह देखने को मिला। मतदान के लिए बनाए गए 21 बूथों में से 13 बूथों पर महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले अधिक रहा। जबकि पूरे चुनाव में भी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का मत प्रतिशत एक फीसदी ज्यादा रहा।
दढि़याल नगर पंचायत में कुल मतदाताओं की संख्या 18908 है जिनमें 10010 पुरुष और 8898 महिला मतदाता हैं। बृहस्पतिवार को नगर के गांधी इंटर कालेज, किसान सेवा सहकारी समिति, बेसिक स्कूल दढि़याल मुस्तहकम, प्राथमिक विद्यालय भरतपुर, मॉडल उच्च प्राथमिक विद्यालय दढि़याल एहतमाली और आंगनबाड़ी केंद्र दढि़याल एहतमाली मतदान केंद्रों के कुल 21 बूथों पर चुनाव संपन्न कराया गया। सबसे अधिक 6 बूथ गांधी इंटर कालेज में बनाये गए थे। जहां महिलाओं ने मतदान में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। यहां 6 बूथों में से 5 बूथों पर महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले ज्यादा रहा।
गांधी इंटर कालेज के कक्ष संख्या एक को छोड़कर अन्य पांचों बूथों पर महिलाओं का वर्चस्व रहा। कक्ष संख्या-2 पर सबसे अधिक 78 फीसदी महिलाओं ने वोट डाले। जबकि यहां पुरुषों का मत प्रतिशत 69 रहा। इसके अलावा बेसिक स्कूल दढि़याल मुस्तहकम के तीनों बूथों पर भी महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा रहा। यहां के कक्ष संख्या-2 में बने बूथ पर करीब 79 फीसदी महिलाओं ने मतदान का प्रयोग किया जोकि नगर में सबसे ज्यादा रहा। नगर के किसान सेवा सहकारी समिति के कक्ष संख्या 1, प्राथमिक विद्यालय भरतपुर के कक्ष संख्या-1 और 2, आंगनबाड़ी केंद्र दढि़याल एहतमाली कक्ष संख्या-2, मॉडल उच्च प्राथमिक विद्यालय दढि़याल एहतमाली के कक्ष संख्या-3 पर भी महिलाओं ने पुरुषों से अधिक उत्साह दिखया और अधिक मतदान किया। पूरे चुनाव में 65.59 फीसदी पुरुषों ने जबकि 66.52 फीसदी महिलाओं ने मतदान में हिस्सा लिया।