Rampur News: मेला देखने आए युवक की हादसे में मौत, साथी घायल
रामपुर। दशहरा मेला देखने आए दो दोस्तों की बाइक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव निवासी शिवचरण के बेटे प्रमोद (19) की मौत हो गई, जबकि उसका दोसत अमरीश (16) पुत्र रूप सिंह घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक के साथ ही मृतक के परिजनों ने मारपीट की। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव प्रमोद और अमरीश बुधवार शाम को शाहबाद नगर दशहरा का मेला और रावण दहन देखने आए हुए थे। बुधवार रात करीब सात बजे दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर गांव जा रहे थे। लक्खी बाग रोड स्थित हिम्मतपुर तिराहे के निकट सामने से अचानक एक ई-रिक्शा आ गया। ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में बाइक सवार सीधे ट्रैक्टर ट्रॉलियों में घुस गई।
दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रमोद को मदद घोषित कर दिया। अमरीश की हालत को चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर घटना की सूचना पाकर परिजन सीएचसी शाहबाद पहुंच गए। परिजनों ने दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचाने वाले युवक के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। उनका आरोप था कि घायलों को लाने वाला युवक ट्रैक्टर चालक था। इस दौरान सीएचसी में जमकर हाथापाई हुई और मारपीट हुई। सीएचसी में मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराया। सूचना मिलने पर सीओ अतुल कुमार पांडेय और कोतवाल अनुपम शर्मा भी पहुंच गए और मामला शांत कराया। देर रात तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।

