Rampur News: युवक पर युवती को धर्मपरिवर्तन के लिए बरेली ले जाने का आरोप
मिलक (रामपुर)। बाइक से बरेली जाते समय दुर्घटना में घायल हुए अलग-अलग संप्रदाय के युवक-युवती के अस्पताल पहुंचने पर मामला तूल पकड़ गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बाइक सवार युवक पर युवती को धर्मपरिवर्तन के लिए बरेली ले जाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई। पूछताछ के बाद दोनों के परिजनों को सूचना दी गई।
शनिवार दोपहर बाइक से एक युवक और एक युवती बरेली की ओर जा रहे थे। बारिश होने के कारण उनकी बाइक फिसल गई। जिससे दोनों घायल हो गए। वह अपना इलाज कराने के लिए नगर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में युवक और युवती ने अपना नाम बताया। दोनों अलग-अलग धर्म के होने के कारण हिंदू संगठन के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने युवक और युवती से उनके पते के बारे में पूछा। दोनों बार-बार अपना नाम और पता गलत बताकर गुमराह करने लगे। मामला दो संप्रदायों का होने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। दोनों को कोतवाली लेकर आई। पुलिस के पूछने पर युवक ने बताया कि वह रुड़की में रहता है। वहां पर फेरी लगाकर कपड़े बेचता है। उसका जीजा मुरादाबाद में रहता है। जीजा के तीन मदरसे संचालित हैं। उसके साथ मौजूद युवती हिंदू है जो उसके जीजा के मदरसे में पढ़ाती है। दोनों बाइक से बरेली स्थित एक दरगाह पर मन्नत मांगने जा रहे थे। रास्ते में मिलक क्योरार बाईपास पर बाइक फिसल गई और दोनों मामूली रूप से घायल हो गए। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। उसके तीन बच्चे हैं। वह युवक के जीजा के मदरसे में पढ़ाती है। गांव में किराए पर कमरा लेकर रहती है। युवक के साथ बाइक से बरेली स्थित दरगाह पर मन्नत मांगने जा रही थी। कोतवाली पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद और युवती को बरेली दरगाह ले जाकर धर्म परिवर्तन का प्रयास करने का आरोप लगाया। कोतवाल राजेश बैंसला ने हिंदू संगठनों से कहा कि युवती के परिजनों को कोतवाली बुलाया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर खबर मिलने पर युवक का जनपद मुरादाबाद थाना क्षेत्र निवासी जीजा कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि युवक उसका साला है और रुड़की में रहकर फेरी लगाता है। युवक के साथ जो युवती है वह उसके मदरसे में पढ़ाती है। दोनों उसकी बाइक लेकर बरेली की एक दरगाह में मन्नत मांगने के लिए जा रहे थे।सीओ अनुज चौधरी ने बताया कि मामला दो संप्रदाय से संबंधित है। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं का कहना है कि मामला दो संप्रदाय से जुड़े होने के कारण लव जिहाद जैसी आशंका प्रतीत हो रही है। क्योंकि हिंदू युवती एक मदरसे में अध्यापक है और दोनों बरेली के एक दरगाह पर मन्नत मांगने जा रहे थे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से इस मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है।