Rampur News: साले की शादी में आए जीजा की हादसे में मौत
सैफनी/शाहबाद। ममेरे साले की शादी में शामिल होने आए जीजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद शादी की सारी खुशियां मातम में तब्दील हो गई। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
सैफनी थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी मोनिस की शनिवार को रामपुर क्षेत्र में बरात जानी थी। बरात जाने से एक दिन पूर्व शुक्रवार को मोनिस की स्वार निवासी ममेरी बहन का पति शमीम भी शादी में शामिल होने आया हुआ था। शुक्रवार देर रात कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान किसी निजी काम से शमीम सागरपुर चौराहे के लिए पैदल ही निकल पड़ा था। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन चालक ने शमीम को टक्कर मार दी। सागरपुर चौराहे पर शमीम लतपथ हालात में पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना सैफनी थाना प्रभारी संजय कुमार और परिवार के लोगों को दी गई। सूचना पाकर परिवार के लोग और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। घायल शमीम को एंबुलेंस के माध्यम से शाहबाद सीएचसी में लाया गया। चिकित्सकों ने शमीम को देखकर मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद उधर शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मृतक शमीम के परिवार के लोगों ने कोई भी कानूनी कार्रवाई करने एवं पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पंचनामा भरवाने के बाद परिजन शव स्वार ले गए। शनिवार देर शाम को मृतक के शव का अंतिम संस्कार चल रहा था। वहीं सागरपुर में बरात नहीं गई थी। बताया गया कि चंद लोग ही निकाह कराकर लाएंगे।