Rampur : रेत से भरी पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा

हादसे के बाद…
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर के मोहल्ला भीमापुरी निवासी युवक की बाइक में रेत से लदी पिकअप के चालक ने टक्कर मार दी। युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और युवक के शव मुख्य मार्ग पर रख कर जमकर हंगामा करने लगे। जिस पर पुलिस जबरन शव को लेकर जाने लगी तो युवक के परिजन पुलिस से भिड़ गए और पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे तो पुलिस ने परिजनों पर लाठियां फटकार कर उन्हे मौके से भगा दिया।
नगर के मोहल्ला भीमापुरी निवासी महेश ( 22) घर से किसी कार्य से बाइक से निकला था। रास्ते मेंदढ़ियाल की ओर से आ रही तेज रफ्तार अवैध खनन लदी पिकअप ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे युवक नीचे गिर गया। नीचे गिरने के बाद युवक पिकअप के पिछले टायर में आ गया और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वही भागने का प्रयास कर रही पिकअप को मौके पर मौजूद लोगों ने घेर कर पकड़ लिया।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को लेकर सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने जब शव हटाने के लिए कहा तो मना कर दिया। इस पर पुलिस ने जबरन शव को एंबुलेंस में रखने का प्रयास किया तो परिजन उनसे भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार लोगों को भगा दिया और शव को एंबुलेंस में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा।