Pilibhit News: हल्की नोकझोंक के बीच जिले में 62.16 फीसदी मतदान
पीलीभीत। हल्की नोकझोंक के बीच जिले की तीन नगर पालिकाओं व सात नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 113 और वार्ड सदस्य पद के 961 उम्मीदवारों का भाग्य बृहस्पतिवार को मतपेटियों में बंद हो गया। जिले में शाम छह बजे तक 62.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिले में तीन नगर पालिकाओं क्रमश: पीलीभीत, पूरनपुर व बीसलपुर एवं सात नगर पंचायतों बरखेड़ा, बिलसंडा, जहानाबाद, न्यूरिया, गुलड़िया भिंडारा, नव सृजित नौगवा पकड़िया एवं कलीनगर में चुनाव कराया गया। इसमें अध्यक्ष पद के लिए 113 और सदस्य पद के लिए 961 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों से अपना अध्यक्ष और सदस्य चुनने के लिए कुल 2.92 लाख मतदाताओं को मतदान करना था। इसमें शाम छह बजे तक 181916 मतदाताओं ने ही मतदान किया।
सुबह 7 से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। जिले के सभी 110 मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। आयोग के निर्देश पर मतदान की हर दो घंटे बाद रिपोर्ट ली गई। शाम छह बजे तक जिले के सभी दस निकायों में 62.16 प्रतिशत मतदान हो सका। सुरक्षा को लेकर सुबह से ही डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी अतुल शर्मा जिले के मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे।
बीसलपुर । नगर पालिका परिषद में 60.32 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पांच साल पहले हुए निकाय चुनाव में यहां 60. 67 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चुनाव में 0.35 प्रतिशत मतदान कम हुआ।
पूरनपुर। पूरनपुर नगर पालिका के 13 मतदान केंद्रों के 47 बूथों पर शाम छह बजे तक 69.53 प्रतिशत वोट पड़े। अध्यक्ष पद के सात और वार्ड सदस्य के 126 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। 2017 में पूरनपुर में 69.71 प्रतिशत वोट पड़े थे। संवाद