हकीकत या शरारत : शेरपुर के घर में रोज लग रही आग
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 02 Jul 2023 01:51 AM IST

हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में एक घर में त्रिपाल में लगी आग। संवाद
दातागंज (बदायूं)। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में एक अजीब मामला सामने आया है। यह किसी की शरारत है या हकीकत गांव का हर व्यक्ति हैरान है। एक घर में रोजाना अचानक आग लग जाती है। पिछले तीन-चार दिन से ऐसा हो रहा है। अभी तक यह पता नहीं चला कि आखिर कौन लगाता है या लग जाती है।
ग्राम शेरपुर निवासी राजीव कुमार सिंह के घर में बुधवार से लगातार आग लग जाती है। राजीव कुमार का कहना है कि बुधवार को उनकी 16 वर्षीय बेटी अंजलि चारपाई पर बैठी थी। तभी चारपाई में आग लग गई। जब तक उन्होंने आग बुझाई कि कपड़ों में आग लग गई। दोपहर के समय उनके कमरे में रखे बक्शे में आग लग गई, जबकि बक्शा पूरी तरह से बंद था। उसके अंदर आग कैसे पहुंची। इससे वह खुद हैरान हैं।
यह आग लगने का सिलसिला यहीं नहीं रुका। तब से लगातार रोजाना उनके घर में कहीं न कहीं आग लग गई है। अब तक उनके घर में रसोई, मच्छरदानी, कमरे में जगह-जगह आग लग चुकी है। शनिवार को उनके घर में लगे तिरपाल में आग लग गई। इसकी सूचना पर उनके घर में शनिवार को कुछ लोग पहुंचे, लेकिन वो भी पता नहीं लगा पाए कि आखिर कैसे आग लग रही है। इस घटना को लेकर ग्रामीण हैरान हैं।