व्यापारियों का हित भाजपा में सुरक्षित: रेखा वर्मा
रामपुर। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि व्यापारियों के साथ भाजपा सरकार हमेशा खड़ी है। व्यापारियों की जो भी समस्याएं हैं, उनका निदान कराना सरकार की प्राथमिकता में है। इसलिए व्यापारी निश्चिंत रहें। कहा कि 2024 के चुनावों में मजबूती के साथ व्यापारी कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। उन्होंने शहर में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में यह बातें कहीं।
कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद रेखा वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से निवेशक सम्मेलन में दो लाख करोड़ के इन्वेस्टमेंट के एमओयू की घोषणा हुई है। यह इस बात का प्रतीक है कि उद्योगपति एवं व्यापारियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। सरकार की ओर से नई उद्योग नीति की घोषणा की गई है, जिसमें तमाम तरह के प्रोत्साहन, सब्सिडी, सिंगल विंडो एनओसी सिस्टम की घोषणाएं की गई हैं। कहा कि बैंकों से ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कहा कि नए तरह के व्यापारों के लिए प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे है। कहा कि सरकार उद्योगों के लिए तत्पर है। व्यापारी नेता संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों से बात की गई है। इन समस्याओं का निदान होता है तो व्यापारी मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़ा होगा। सम्मेलन में व्यापारी नेता अनिल अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, परितोष चांदीवाला, राजीव मांगलिक, पूर्व विधायक यूसुफ अली, पूरन लोधी आदि ने भी संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा और व्यापारियों की समस्याओं को शासन तक पहुचाने की घोषणा की। सम्मेलन का संचालन आईआईए के अध्यक्ष श्रीष गुप्ता ने किया। इस मौके पर मोहन लोधी, विपिन गुप्ता, जगपाल सिंह यादव, सुनील गोयल ,रवि रुहेला, सुभाष अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, इमरान शम्सी, प्रदीप गुप्ता, संजय पाठक, सौरभ गुप्ता, महेश गुप्ता, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

