Budaun News: दंपती से मारपीट और अपहरण में 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
– उझानी के गंजशहीदा मोहल्ले में हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। पिछले महीने गंजशहीदा मोहल्ले में भूमि विवाद को लेकर बुजुर्ग दंपती से मारपीट और उन्हें अगवा कर ले जाने के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंजशहीदा मोहल्ला निवासी दंपती की बेटी अनम की ओर दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि 23 जून को उसके घर पर ताहिर पुत्र बाबू अंसारी अपने साथ 12 अज्ञात लोगों को लेकर पहुंचा। आरोपियों ने अनम के पिता दिलशाद और मां रेहाना की पिटाई की। आरोपी उसके माता-पिता को कार से ले गए। अनम ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद अनम ने पुलिस अफसरों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बता दें कि दिलशाद और रेहाना को उसी दिन शाम को बदायूं में छोड़ दिया गया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अब अपहरण और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
–
पिता से रंजिश में बेटी की पिटाई
कोतवाली क्षेत्र के गांव पतौरा में जमीन को लेकर पड़ोसी से रंजिश में हृदेश और लालू ने विमलेश (16) पुत्री रामसेवक को पीट दिया। पिटाई से घायल विमलेश के पिता ने लालू और उसके भाई हृदेश को नामजद कराया है।