पीलीभीत बवाल में कार्रवाई: जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर और शाही चौकी इंचार्ज निलंबित, 125 लोगों पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Mon, 31 Jul 2023 10:36 AM IST

मजिस्ट्रेट की गाड़ी में तोड़फोड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत में बरेली हाईवे पर शनिवार शाम खमरिया पुल के पास कांवड़ियों और ताजियेदारों के बीच डीजे बंद कराने को लेकर हुई पथराव, मारपीट और जाम लगाने की घटना के बाद एसपी ने जहानाबाद थाने के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार और शाही चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह को निलंबित कर दिया है। इस मामले में 125 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि तीन दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मंदिर के पास एक पक्ष दूसरे का लंगर नहीं लगने दे रहा था। मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में लिया। पुलिस ने ताजिये निकलने वाले रास्ते को भी पूर्व में ठीक से नहीं देखा और न ही जानकारी जुटाई।
ये भी पढ़ें- बरेली में कांवड़ियों पर लाठीचार्ज: महिलाओं ने दिखाए घाव, बताई बर्बरता की पूरी कहानी; दर्द बताने से भी डर रहे
मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते मुहर्रम पर बवाल हो गया। यह भी कहा जा रहा है कि शाही चौकी इंचार्ज ने एक कांवड़िया को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद कांवड़िया उग्र हो गए थे। इसके बाद ही बवाल शुरू हुआ था। एसपी अतुल शर्मा ने लापरवाही उजागर होने पर थाना जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार और शाही चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह को निलंबित कर दिया है।