शाहजहाँपुर

शिवम जौहरी हत्याकांड : पिता को धमकाने में अज्ञात पर रिपोर्ट

Connect News 24

शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज निवासी अधीश जौहरी की तहरीर पर चौक कोतवाली में अज्ञात लोगों पर घेराबंदी कर धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधीश जौहरी के बेटे शिवम जौहरी की बहादुरगंज में पीटकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता ने जमानत पर छूटे आरोपियों पर धमकाने का आरोप लगाते हुए एडीजी को प्रार्थना पत्र दिया था।

सूरी ट्रांसपोर्ट के मैनेजर शिवम जौहरी को 11 अप्रैल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। अगले दिन उसकी पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। शिवम के पिता अधीश जौहरी की तहरीर पर पुलिस ने कन्हैया हौजरी के मालिक नीरज जौहरी, सूरी ट्रांसपोर्ट के मालिक बंकिम सूरी समेत कई लोगाें को नामजद किया था।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ दिन पहले ही बंकिम सूरी जेल से जमानत पर छूटकर आया था। पिता अधीश जौहरी ने अपर पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर घेराबंदी कर मुकदमे की पैरवी न करने के लिए धमकाने का आरोप लगाया था। इस मामले में अधीश जौहरी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 28 जून को रात में दवा लेकर आते समय बाबूराम धर्मशाला के पास रोककर उन्हें धमकाया। मास्क लगाए लोगों ने मुकदमे में पैरवी करने पर बेटे जैसा हाल करने की बात कही थी।

एडीजी को प्रार्थना पत्र में दिए थे नाम

अधीश जौहरी ने एडीजी को प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कई लोगाें के नाम देकर धमकाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कई गंभीर आरोप भी लगाए थे।

अज्ञात में तहरीर दी गई थी जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अब पीड़ित को बुलाकर धमकाने वालों की पहचान कराई जाएगी।

– बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button