अश्लील मैसेज भेज रहा था सौरभ: बीए की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, मां बोली- ब्लैकमेलिंग से परेशान थी बेटी

मृतक का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बीए की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। छात्रा को सौरभ नाम का युवक परेशान कर रहा था। मां ने दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाया कि सौरभ बेटी को फोन पर अश्लील मैसेज भेज रहा था।
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार इलाके के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी छात्रा तान्या सैनी (19) ने सोमवार शाम को पंखे से लटककर जान दे दी। वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों ने युवक पर ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पिता शादी समारोह में फूलों से सजावट करने का काम करते हैं। सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। बेटी घर में अकेली थी। रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटे दंपती को मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर कूलर भी चल रहा था। बरामदे में अंधेरा था।
लाइट जलाते ही बेटी को साड़ी के फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। तान्या का शरीर गर्म महसूस होने पर परिजन उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।