Shahjahanpur: पत्नी की बेवफाई से आहत युवक ने बेटे को लेकर नदी में लगाई थी छलांग, तीन दिन बाद मिले शव

रामगंगा नदी में कूदा था युवक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के मिर्जापुर में गांव तिलहैया (भौंती) निवासी अरुण कुमार ने अपने दो साल के बेटे ओम शिवा को लेकर कोलाघाट पुल से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी थी। तीसरे दिन शुक्रवार को पिता-पुत्र के शव अल्हागंज क्षेत्र में गढ़िया घाट के पास नदी में उतराते मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अरुण कुमार अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर टेंट लगाने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, सुमन लगभग तीन माह पहले उसे छोड़कर अलीगढ़ के थाना अतरौली के युवक के साथ चली गई थी। मंगलवार को वह अपनी बेटी तन्नू और बेटे के साथ शाहजहांपुर के लिए बस से आया था।
ये भी पढ़ें– दिल झकझोरने वाली घटना: दो साल के बेटे को अपने शरीर से बांध नदी में कूदा पिता, मासूम बेटी ने बताई आंखों देखी
रात में अरुण ने पी थी शराब
रात में घर आने के बाद अरुण ने दोनों बच्चों को खाना खिलाया और खुद शराब पी। सुबह दोनों बच्चों लेकर पुल पर आया और बेटे ओमशिवा के साथ नदी में कूद गया। बेटी तन्नू ने पिता को भाई के साथ नदी में कूदता देखकर शोर मचाया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। उस दिन पिता-पुत्र का कोई सुराग नहीं लग सका था।
पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को अरुण और उसके बेटे के शव गढ़िया घाट रामगंगा नदी में मिले। अरुण अपने बेटे को गमछे से बांधकर कूदा था। दोनों के शव क्षत विक्षत हाल में थे। परिजनों ने कहा कि पत्नी की बेवफाई से आहत होकर अरुण ने आत्महत्या की है।