शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: सात लाख की आबादी में 288 टीमें तलाशेंगी क्षय रोगी

Connect News 24

288 teams will search for tuberculosis patients in a population of seven lakhs.

शाहजहांपुर में मीडिया से बातचीत करते सीएमओ डाॅ.आरके गौतम। संवाद

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर भ्रमण कर क्षय रोगी तलाशे जाएंगे। इसके लिए 23 नवंबर से पांच दिसंबर के बीच विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिले की सात लाख 17 हजार की आबादी में रोगियों को तलाशने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 288 टीमों को लगाया है।

पुराने जिला अस्पताल स्थित कार्यालय में सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि जिले की 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग कर संभावित टीबी मरीजों की खोज कर जांच के बाद उपचार कराया जाएगा। कार्यक्रम में 11 ब्लॉक और एक अर्बन की आबादी में टीमें घर-घर जाएंगी। रोगियों की स्क्रीनिंग के बाद बलगम संकलित कर नजदीकी माइक्रोस्कोपी केंद्र पर पहुंचाया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि वृद्धाश्रम, बाल संरक्षण ग्रह, 67 मदरसे, 18 सब्जी मंडी, 11 फल मंडी, आठ निर्माणाधीन प्रोजेक्ट ईंट भट्ठे, 42 साप्ताहिक बाजारों को चयनित कर स्क्रीनिंग की जाएगी। बुधवार से सभी टीमें प्रचार-प्रसार शुरू कर देंगी। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. अंसार और डाॅ. घनश्याम भी मौजूद रहे।

अब तक खोजे गए 8815 क्षय रोगी

जिले में 1 जनवरी, 2023 से अब तक 8815 क्षय रोगी खोजे जा चुके हैं। इसमें 4360 मरीजों का उपचार चल रहा है। 4455 रोगियों ने उपचार पूर्ण कर लिया है। जबकि पिछले वर्ष 2022 में 9195 मरीजों को खोजा गया था।

क्षय रोग के लक्षण

-दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी और बलगम आना।

-बलगम के साथ खून का आना।

-भूख कम लगना, वजन गिरना।

-नियमित बुखार का बना रहना।

-सीने में दर्द और भारीपन होना।

बचाव

-दो हफ्ते से ज्यादा खांसी होने पर डॉक्टर को दिखाएं।

-दवा का पूरा कोर्स लें। डॉक्टर से बिना पूछे दवा बंद न करें।

-मास्क पहनें या हर बार खांसने या छींकने से पहले मुंह को पेपर नैपकिन से कवर करें।

-मरीज हवादार और अच्छी रोशनी वाले कमरे में रहें। एसी से परहेज करें। पौष्टिक खाना खाएं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button