Shahjahanpur News: शिक्षक-शिक्षिकाओं का किया जा रहा उत्पीड़न

उत्तर प्रदेश के प्राथमिक शिक्षक संघ बैठक में बोलते प्रांतीय महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजय सिंह
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक मंगलवार को बृज विहार कॉलोनी स्थित शिक्षक भवन में हुई। इसमें शिक्षकों की व्यवहारिक समस्याओं पर ध्यान नहीं देकर लागू की गई ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध किया गया।
संघ के प्रांतीय महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि शिक्षक की समस्याओं पर ध्यान न देकर ऑनलाइन उपस्थिति जैसी जटिल प्रक्रिया लागू करके प्रदेश के शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसको संघ किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगा। बोले कि एक लंबे समय से शिक्षकों की पदोन्नति, अंतरजनपदीय स्थानांतरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित राज्य कर्मचारियों के भांति अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग हो रही है, जिन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि वह निर्धारित समय से पांच मिनट भी लेट पहुंचेंगे तो बगैर कोई जानकारी उनको अनुपस्थित कर दिया जाएगा। यह उत्पीड़न की श्रेणी में आता है। परिषदीय विद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों में है जहां 50 किमी तक जाना पड़ता है। जिला मंत्री देवेश वाजपेयी ने कहा सर्वप्रथम विभाग शिक्षक की समस्याओं का निस्तारण करें और फिर ऑनलाइन उपस्थिति में जो व्यावहारिक समस्याएं आ रही हैं, उनका समाधान किया जाए। संघ की प्रांतीय प्रचार मंत्री अर्चना तिवारी, प्रेमलता शुक्ला, सुषमा गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र पाल प्रजापति, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुनीश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, यशपाल सिंह यादव, अनुज सिंह, नितिन मिश्रा, प्रदीप सिंह, अरविंद सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

