Shahjahanpur News: चलती कार में घोंटा था शिवम का गला

मीरानपुर कटरा थाने में खड़ी लूटी गई कार। स्रोत-पुलिस
शाहजहांपुर। शिवम हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। इसमें एक किशोर को पुलिस ने पकड़कर कार बरामद कर ली। वहीं, दो आरोपी फरार हैं। तीनों आरोपियों ने चलती कार में शिवम का गला घोंटा था जिससे वह बेसुध हो गया फिर कार रोककर खड़ंजे की ईंट से उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी।
एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि पकड़ा गया किशोर और अभिषेक निवासी ग्राम कल्याणपुर थाना फरीदपुर बरेली और चंदन सिंह निवासी सिदपुरा थाना सिदपुरा जिला कासगंज दोस्त हैं। तीनों ने 16 नवंबर की रात शराब पी। इसके बाद कार बुक करने के बहाने चालक की हत्या कर लूट की योजना बनाई। तीनों ने शराब के नशे में शिवम की कार को खुदागंज के लिए एक हजार रुपये में बुक किया। कटरा रेलवे स्टेशन के आगे सुनसान जगह पर चंदन ने शिवम के गले में गमछा कस दिया। गाड़ी रुकने पर चालक को नीचे गिराकर चंदन और नाबालिग आरोपी ने खड़ंजे की ईंट से सिर पर वार कर दिया। शिवम की मौत के बाद शव फेंककर कार लेकर चले गए। तीनों आरोपी कार की नंबर प्लेट हटाकर इसका इस्तेमाल चोरी-लूट की वारदात में करना चाहते थे।
यह है घटना
-बरेली जिले के थाना फरीदपुर के दलपुरा निवासी शिवम गुप्ता कार समेत भैयादूज की शाम से लापता हो गया था। उसकी अंतिम बार अपनी मां से बातचीत हुई थी। शुक्रवार को उसका शव कटरा रेलवे स्टेशन के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। मृतक के भाई प्रशांत ने बहन से दहेज को लेकर विवाद चलने के चलते पति अक्षय गुप्ता, देवर अर्जुन गुप्ता, मुकुल गुप्ता व ससुर रामसेवक निवासी सेटेलाइट बस अड्डा थाना बारादरी, बरेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
-पुलिस ने शव मिलने के बाद जांच शुरू करते हुए कटरा से बरेली तक हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टैक्सी चलाने वाले चालकों से पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान तीन नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू करते हुए सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर लाईखेड़ा की तरफ कार समेत नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने कार को बरामद कर उससे पूछताछ की। हालांकि, दोनों अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
शिवम ने बेच दी थी अपनी कार
-शिवम ने अपनी कार तिलहर के तौहीद को बिक्री कर दी थी। वह वर्तमान में बरेली की हाइडिल कॉलोनी निवासी नरेश कुमार की कार चला रहा था।

