Shahjahanpur News: पोषण अभियान में 521 उच्च जोखिम वाली गर्भवती मिलीं
शाहजहांपुर। एक कदम सुपोषण की ओर अभियान में गर्भवती और धात्री माताओं को चिह्नित कर ई-कवच एप पर पंजीकृत करते हुए उन्हें चिकित्सीय लाभ दिया गया।
जिले में 42470 गर्भवती महिलाओं को पंजीकृत किया जा चुका है। इनमें से 1600 का पंजीकरण गर्भ की पहली तिमाही में किया गया है। दूसरी और तीसरी तिमाही में 23792 महिलाओं और 17078 धात्री माताओं का पंजीकरण किया है। अब तक 41 लाख 34 हजार 770 आईएफए गोलियां और 35 लाख 24 हजार 231 कैल्शियम की गोलियां गर्भवती को प्रदान की जा चुकी हैं।
सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि जिले में 521 उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाएं चिह्नित की गईं हैं। गर्भवती के अच्छे स्वास्थ्य के लिए सुपोषण पर ध्यान देने की आवश्यकता है। गर्भवती स्वस्थ होगी, तभी वह स्वस्थ शिशु को जन्म देगी। मातृ- शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जरूरी है कि गर्भवती स्वस्थ रहे।