शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: स्कूल वैन की टक्कर लगने से ब्लेड वाले तार पर गिरा किशोर, गर्दन कटने से मौत

Connect News 24

Teenager fell on bladed wire due to collision of school van, died due to neck cut

रोते बिलखते मृतक रमनपाल के परिजन।संवाद

निगोही। थाना क्षेत्र के गांव कुदिरना निवासी सर्वेश के 15 वर्षीय पुत्र रमन पाल की ब्लेड वाले तार से गर्दन कटने से मौत हो गई। रमन पाल छुट्टा जानवरों से फसल की रखवाली करने के लिए बाइक से खेत पर जा रहा था, तभी एक स्कूली वैन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रमन खेत में लगे ब्लेड वाले तार पर जा गिरा। रमन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

रमनपाल काले देव पब्लिक स्कूल का छात्र था। बुधवार सुबह चाय पीने के बाद वह छुट्टा जानवरों से फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जा रहा था। रास्ते में स्कूल वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद रमन पाल उछलकर खेत में लगे ब्लेड वाले तार पर जा गिरा। इससे उसकी गर्दन कट गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खबर मिलने पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पिता भतीजी का तिलक चढ़ाने गए थे, पीछे बेटे की चली गई जान

सर्वेश खेतीबाड़ी करते हैं। वह अपनी भतीजी का तिलक चढ़ाने हरदोई के गांव कगुहारा गए थे। उनके घर पर न होने से रमन फसल की छुट्टा जानवरों से रखवाली करने के लिए रहा था, लेकिन रास्ते में उसे मौत ने दबोच लिया। उसकी मौत से मां राधा बेसुध हो गईं हैं। छह वर्षीय भाई विशाल और 11 साल की बहन शालिनी के भी आंसू नहीं थम रहे हैं।

प्रतिबंध के बावजूद लग रही ब्लेड वाले तारों की बाड़

ब्लैड वाले तारों की बाड़ लगाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद जिले भर में खुलेआम इनका प्रयोग हो रहा है। ब्लेड वाले तारों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पशुओं के तो अंगभंग हो ही रहे हैं, लोग भी इनकी चपेट में आ रहे हैं। स्कूली वैन की टक्कर लगने के बाद अगर रमन ब्लेड वाले तारों पर न गिरा होता तो उसकी जान नहीं जाती। पुलिस ने वैन की तलाश शुरू कर दी है। वैन निगोही के एक स्कूल की बताई जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button