Shahjahanpur News: सब्जी में ननद बढ़ा देती थी मिर्च तो पति करता था पिटाई, आहत होकर दे दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 04 May 2023 01:27 AM IST
शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव आमडार में 23 वर्षीय सीता देवी ने मंगलवार शाम फंदे से लटककर जान दे दी। मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मां शकुंतला देवी ने कहा, सीता के खाना बनाने के बाद ननद चुपके से सब्जी में मिर्च और नमक बढ़ा देती थी। इसके बाद पति सीता की पिटाई करता था। वह तीन माह की गर्भवती थी।
क्षेत्र के गांव मूर्छा निवासी गेंदन लाल ने अपनी बेटी सीता का विवाह आमडार निवासी संजय के साथ किया था। एक साल पहले ही दोनों विवाह बंधन में बंधे थे। संजय ईंट-भट्ठे पर तांगे से ईंटे ढोता था। मंगलवार शाम को सीता ने फंदे से लटककर जान दे दी। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस में सीता की मां शकुंतला देवी बिलख पड़ीं। बताया, बेटी को लगातार बाइक व ज्वेलरी के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। सीता खाना बनाकर रख देती थी। इसके बाद ननद खाने में मिर्च और नमक मिला देती थी। इसके बाद पति सीता की पिटाई करता था। ससुर भी गालीगलौज करते थे। हालांकि सिंधौली थाने पर शाम तक तहरीर नहीं दी गई थी।
तीन माह से मायके जाने को तरस रही थी सीता
-शकुंतला ने बताया कि तीन महीने से बेटी सीता मायके नहीं आई थी। होली के मौके पर एक रात के लिए आई थी। तब उससे मिल भी नहीं पाई थी। सीता की शादी पर हुए कर्ज को उतारने के लिए शकुंतला दिल्ली में मजदूरी कर रही थी। शकुंतला ने बताया कि ससुराली पक्ष फोन तक पर बात नहीं करने देते थे।

