Shahjahanpur News: सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे मिलावटखोर
शाहजहांपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों के पिछले एक साल में 334 नमूने लिए थे। जांच के बाद 119 नमूने फेल पाए गए। इसमें 19 खाद्य पदार्थों में ऐसे केमिकल मिलाए गए हैं जो सेहत के लिए काफी हानिकारक हैं। 119 मिलावटखारों के खिलाफ खाद्य विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा के मुताबिक 119 नमूने अधोमानक पाए गए हैं। इनका मुकदमा एडीएम प्रशासन कोर्ट में भेजा जाएगा, जबकि 19 नमूने सेहत के लिए हानिकारक पाए गए हैं। उनको सीजेएम कोर्ट भेजा जाएगा। ऐसे मामलों में जुर्माना के साथ चार से लेकर पांच साल तक की सजा हो सकती है। अधोमानक में अधिक तक जुर्माना लगाया जाता है।
दूध में पानी, बेसन में करते हैं मटर की मिलावट
अधोमानक नमूनों में अधिकतर पाया जाता है कि दूध में पानी मिला दिया गया या फिर बेसन में मटर पीसकर डाल दी गई। मिठाई में खोया के अलावा मैदा आदि का इस्तेमाल कर लिया गया। यह मानव शरीर के लिए ज्यादा हानिकारक नहीं होते हैं।
पांच सालों में 103 मुकदमों में 14.50 लाख जुर्माना
मिलावटखोरों के खिलाफ पिछले पांच साल में 103 मुकदमों में 14.50 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसमें 28 लोगों ने जुर्माना नहीं देने पर आरसी जारी की गई है। इन सभी से ब्याज के साथ वसूली की जाएगी। अगर इसके बाद भी जुर्माना अदा नहीं करते हैं तो इनको जेल भेजा जाएगा।
मिलावटी चीजों को खाने से हो सकती हैं गंभीर बीमारियां
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. एमएल अग्रवाल के मुताबिक, सबसे अधिक केमिकल युक्त चीजें खाने से लोगों को बीमारियां होतीं हैं। इसमें कैंसर जैसे रोग भी शामिल हैं। पेट से संबंधित गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। त्वचा रोग हो सकता है।
मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें और तेजी लाई जाएगी। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
– चंद्रशेखर मिश्रा, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग