शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: शोभायात्रा के बाद भीषण जाम, 500 मीटर जाने में लगा एक घंटा

Connect News 24

शाहजहांपुर। शहर के मुख्य मार्गों पर रविवार को भी लोग भीषण जाम से जूझते रहे। शाम को गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में शहर में शोभायात्रा निकाली गई, इसके बाद तो घंटाघर से सदर बाजार और लाल इमली चौराहे तक सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंसे रहे। हालात ये थे कि पांच सौ मीटर की दूरी तय करने में भी एक घंटे से भी ज्यादा का समय लगा।

शहर के अंटा चौराहा से खिरनीबाग चौराहा के बीच सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग को बैरिकेडिंग कर तीन व चार पहिया वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। मोटरसाइकिल, साइकिल सवार व पैदल राहगीरों को सिर्फ छूट है। रविवार को कचहरी, स्कूलों और कार्यालयों का अवकाश था। इस कारण मार्ग पर छोटे वाहनों का आवागमन कम रहा। शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का लोड अधिक होने से दिनभर जाम लगता रहा। दोपहर के बाद स्थिति और भी भीषण हो गई। अंटा चौराहा से खिरनीबाग चौराहा की ओर जाने वाले वाहन अंजान चौकी तथा विसरात रोड की ओर मोड़े गए तो इन दोनों रास्तों पर जाम लग गया। अंजान चौकी के पास चौराहे पर चारों दिशाओं से वाहनों का आवागमन होने से घंटाघर से लेकर कच्चा कटरा मोड़ तक जाम की समस्या बनी रही। वहीं, शाम को लाल इमली चौराहा से कीर्तन यात्रा निकाली गई। इसके बाद तो जाम भीषण हो गया।

नजर नहीं आए यातायात कर्मी

बहादुरगंज पंचराहा से कटिया टोला और तारीन टिकली की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात कर्मी नजर नहीं आए। लाल इमली चौराहा पर यातायात कर्मी तैनात रहे, लेकिन तारीन टिकली से लेकर घंटाघर तक कहीं कोई वाहनों को निकलवाने और जाम खुलवाते नहीं दिखा। अंटा चौराहा पर बड़ी संख्या में यातायात कर्मी, होमगार्ड मौजूद रहे इसके बावजूद जाम लगता रहा। यहां पर तीन दिशाओं से वाहनों का आवागमन रहा। जिनको निकलवाने में यातायात कर्मियों को मशक्कत भी करनी पड़ी।

चमकनी करबला मोड़ पर शुरू हुई खोदाई

चार दिन पहले डॉ. गेरा अस्पताल के सामने सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई का काम शुरू हुआ था। जहां पर बड़ी मशीनों को लगाकर सड़क को खोदा जा रहा है। जिससे आसपास के दुकानदार, मरीज और तीमारदार सब परेशान थे। रविवार को चमकनी करबला की मोड़ पर खोदाई शुरू करवा दी गई। जिसके चलते कॉलोनी वासियों को अपनी रास्ता बदलकर बाजार, अस्पताल आदि स्थानों पर आना जाना पड़ा।

घंटाघर से मोड़े वाहन, जाम में फंसे लोग

शाम को गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में शाम को निकली शोभायात्रा लाल इमली चौराहे से घंटाघर पहुंची तो पुलिस ने वाहन सदर बाजार की ओर मोड़ दिए। घंटाघर में तो पुलिस तैनात रही लेकिन बहादुरगंज या अन्य स्थानों पर पुलिस नहीं दिखी। इसकी वजह से बहादुरगंज सब्जी मंडी में भीषण जाम लगा रहा। करीब एक घंटे तक वाहन चालक फंसे रहे। बहादुरगंज के पास गलियों की भी खोदाई के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। इलाके की मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक में वाहन फंसे रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button