Shahjahanpur News: अनमाेल के परिजनों ने लगाया धमकाने का आरोप

तिलहर में अनमोल के परिजनों से बातचीत करतीं विधायक सलोना कुशवाहा। संवाद
विधायक ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। छात्र अनमोल मिश्रा की मौत के मामले में नामजद एक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर धमकाने का आरोप लगाया। रात को पीड़ित परिवार के घर पहुंची विधायक सलोना कुशवाहा ने घटना की जानकारी लेते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
25 जून को नगर के मोहल्ला सैयदवाड़ा निवासी संजीव मिश्रा के एकलौते पुत्र 16 वर्षीय अनमोल मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक अनमोल के ताऊ राजीव मिश्रा उनकी पुत्री अर्चना मिश्रा तथा नौकर लोकेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके मुख्य आरोपी राजीव मिश्रा और उनके नौकर लोकेश को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
शुक्रवार को पीड़ित परिवार के घर पर शुद्धि हवन था। अनमोल की मौसी बरेली निवासी भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष शिवाली श्रीवास्तव तथा मृतक की मां वैशाली मिश्रा का आरोप है कि हवन में आए रिश्तेदारों को आरोपी परिवार के लोगों ने डराया-धमकाया। परिजनों ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फरियाद करने की बात कही है।
शुक्रवार रात लगभग 8:15 बजे विधायक सलोना कुशवाहा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। पुलिस को 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री चंद्रकांता त्रिवेदी, आरती सिंह, सुधा शर्मा, प्रीति खत्री, माया देवी आदि मौजूद रहीं।

