Shahjahanpur News: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, कांवड़िए की मौत, दो घायल
तिलहर के परवेजपुर के युवकों का जत्था जा रहा था फर्रुखाबाद में गंगाजल लेने
संवाद न्यूज एजेंसी
कांट (शाहजहांपुर)। कांवड़ लेकर फर्रुखाबाद गंगाजल भरने जा रहे तिलहर थाना क्षेत्र के गांव खानपुर हकीमपुर के मजरा परवेजपुर निवासी जयविंदर (28) की बाइक कांट-जलालाबाद हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान जयविंदर ने दम तोड़ दिया।
जयविंदर अपने चचेरे भाई अंश, गांव के संजीव व अन्य दोस्तों के साथ शुक्रवार सुबह कांवड़ लेकर निकले थे। गांव से बाइकों का जत्था फर्रुखाबाद गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। जयविंदर, संजीव व अंश एक ही बाइक पर थे।
थाना कांट क्षेत्र में जलालाबाद हाईवे पर पुरैना गांव से पहले उनकी बाइक खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में तीनों कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़ियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उपचार के दौरान जयविंदर को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अंश व संजीव को बरेली रेफर किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया है। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।